देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की रात बिहार से आई बरात में मछली न बनने पर दूल्हे ने जयमाल में ही दुल्हन को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद जमकर बवाल हुआ और मारपीट के दौरान कुर्सियां भी चलीं। दुल्हन समेत 12 लोग घायल हो गए। बवाल होते ही दूल्हा समेत सभी बराती फरार हो गए।

क्या हुआ था?
आनंदनगर के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी पड़ोसी प्रांत बिहार के गोपालगंज जनपद के भोरे थाना क्षेत्र के कुर्थिया के रहने वाले एक युवक से तय की थी। गुरुवार की रात बरात दरवाजे पर आई। लड़की पक्ष ने बरातियों का धूमधाम से स्वागत किया। द्वारपूजा कराने के बाद नाश्ता कराया गया। भोजन जब कराया जाने लगा तो मछली न बना देख कुछ बरातियों ने विरोध किया। उस समय जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। दूल्हे के दोस्तों ने यह बात दूल्हे को बता दिया। इसकी भनक दूल्हे को लगी तो वह उठ कर खड़ा हो गया और दुल्हन से पूछने लगा कि मछली क्यों नहीं बनी है।
इस पर दुल्हन ने कह दिया कि वैवाहिक कार्यक्रम में हमारे यहां शाकाहारी भोजन बनते हैं। इतना सुनते ही दूल्हा नाराज हो गया और दुल्हन को थप्पड़ जड़ दिया। दुल्हन मौके पर ही गिर गई। इसके बाद बवाल बढ़ गया और दोनों तरफ से मारपीट होने लगी। कुर्सी चलने लगी और टेंट के चोप तक उखाड़ दिए गए। इस बीच वर पक्ष दूल्हे के साथ वाहन छोड़ फरार हो गया।
पुलिस कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और दूल्हे के कार समेत बोलेरो को भी कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। लड़के पक्ष को बुलाया गया है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। लोग दूल्हे के इस कृत्य की निंदा कर रहे हैं।
Discover more from Hata Times (हिन्दी न्यूज़ पोर्टल)
Subscribe to get the latest posts sent to your email.