पिछले तीन दिन में ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़े झटके लगे हैं। 23 जून को अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया। इसके बाद 24 जून को भारत ने कंगारुओं को 24 रन से हराया। अब 25 जून को अफगानिस्तान की बांग्लादेश पर जीत ने ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है। अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है, और इसी के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम टी20 विश्व कप से बाहर हो गई है।

ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें टूटीं, अफगानिस्तान की शानदार वापसी
ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें बांग्लादेश की टीम पर टिकी थीं। कम स्कोर वाले इस मैच में एक वक्त ऐसा लग रहा था कि बांग्लादेश की टीम खुद तो नहीं क्वालिफाई करेगी, लेकिन अफगानिस्तान को भी बाहर कर देगी। इसका फायदा ऑस्ट्रेलिया को होता, लेकिन अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी करते हुए विकेट हासिल किए और जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल मुकाबले तय: भारत बनाम इंग्लैंड और अफगानिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका
सेमीफाइनल की चार टीमें तय हो गई हैं। अब अफगानिस्तान का पहले सेमीफाइनल में 27 जून को सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा, वहीं भारतीय टीम दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगी।
अफगानिस्तान की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 115 रन बना पाई। जवाब में बांग्लादेश की टीम 17.5 ओवर में 105 रन पर आउट हो गई। उसे बारिश के कारण 19 ओवर में 114 रन का संशोधित लक्ष्य मिला था।
बांग्लादेश की संघर्षशील पारी
बांग्लादेश को सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने के लिए 12.1 ओवर में 116 रन बनाने थे। हालांकि, अफगानिस्तान ने नियमित अंतराल पर विकेट लिए। तंजीद हसन (0), कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (5) और शाकिब अल हसन (0) कुछ खास नहीं कर सके। इसके बाद राशिद खान का जलवा देखने को मिला। उन्होंने सौम्य सरकार, तौहिद हृदोय, महमूदुल्लाह और रिशाद हुसैन को पवेलियन भेजा।
लिटन दास का संघर्ष
हालांकि, लिटन दास एक छोर से टिके रहे। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां अर्धशतक लगाया। बीच में बारिश की वजह से मैच रुका और अंपायर्स ने एक ओवर घटा दिया। डकवर्थ लुईस नियम के तहत बांग्लादेश को 19 ओवर में 114 रन का लक्ष्य मिला। 80 रन पर बांग्लादेश ने सात विकेट गंवा दिए थे। जैसे ही गुलबदीन नईब ने तंजीम हसन शाकिब को पवेलियन भेजा, मैच और रोमांचक हो गया। लिटन दास और तस्कीन अहमद क्रीज पर थे। आखिरी 12 गेंद में बांग्लादेश को 12 रन की जरूरत थी। नवीन उल हक ने लगातार दो गेंद पर तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान को पवेलियन भेज अफगानिस्तान को जीत दिलाई और सेमीफाइनल में पहुंचाया। अफगानिस्तान की टीम किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहली बार पहुंची है।
बांग्लादेश की शानदार गेंदबाजी
बांग्लादेश ने अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर अफगानिस्तान को पांच विकेट पर 115 रन पर रोक दिया। अफगानिस्तान के बल्लेबाजों, खासकर फॉर्म में चल रही सलामी जोड़ी ने निराश किया। रहमानुल्लाह गुरबाज ने 55 गेंद में 43 रन बनाए, जबकि इब्राहिम जदरान ने 18 रन बनाने के लिए 29 गेंद खेलीं। अजमतुल्लाह ओमरजई 12 गेंद में 10 रन और गुलबदीन नईब चार रन और मोहम्मद नबी एक रन बनाकर आउट हुए। करीम जनत सात और कप्तान राशिद खान 10 गेंद में 19 रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश के लिए रिशाद हुसैन ने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि तस्कीन अहमद ने चार ओवर में सिर्फ 12 रन देकर एक विकेट चटकाया।
Discover more from Hata Times (हिन्दी न्यूज़ पोर्टल)
Subscribe to get the latest posts sent to your email.