वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2024-25 का आम बजट पेश किया। इस बजट में उन्होंने पहली बार नौकरी पाने वालों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं।

पहली बार नौकरी पाने वालों को तोहफा
वित्त मंत्री ने कहा कि रोजगार और कौशल विकास सरकार की नौ प्राथमिकताओं में से एक है। संगठित क्षेत्र में पहली बार नौकरी की शुरुआत करने वालों को एक महीने का वेतन दिया जाएगा। यह वेतन डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए तीन किस्तों में जारी होगा। इसकी अधिकतम राशि 15 हजार रुपये होगी। यह सहायता ईपीएफओ में पंजीकृत लोगों को दी जाएगी। इससे 2.10 करोड़ युवाओं को फायदा होगा।
पीएफ में एक महीने का योगदान
सीतारमण ने घोषणा की कि सरकार रोजगार से जुड़ी तीन नई योजनाएं शुरू करेगी। इनमें एक योजना के तहत, नौकरी बाजार में प्रवेश करने वाले 30 लाख युवाओं को एक महीने का पीएफ (भविष्य निधि) योगदान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, देश में कामकाजी महिला छात्रावास स्थापित किए जाएंगे, जिससे कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।
एक करोड़ युवाओं को टॉप-500 कंपनियों में इंटर्नशिप
सरकार अगले पांच साल में एक करोड़ युवाओं को टॉप-500 कंपनियों में 12 महीने की इंटर्नशिप का मौका देगी। इस इंटर्नशिप के दौरान युवाओं को कारोबार के वास्तविक माहौल को जानने और अलग-अलग पेशे की चुनौतियों से रूबरू होने का मौका मिलेगा। इसके तहत युवाओं को हर महीने पांच हजार रुपये का भत्ता और एकमुश्त छह हजार रुपये की मदद दी जाएगी। कंपनियों को अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत प्रशिक्षण का खर्च और इंटर्नशिप की 10 फीसदी लागत वहन करनी होगी।
1000 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का अपग्रेडेशन
सरकार ने प्रधानमंत्री पैकेज के तहत अगले पांच साल में 20 लाख युवाओं को कुशल बनाने के लिए एक हजार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को हब में अपग्रेड करने की योजना की घोषणा की है।
जलवायु के अनुकूल बीज विकास के लिए धन मुहैया
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार जलवायु के अनुकूल बीज विकसित करने के लिए निजी क्षेत्र, विशेषज्ञों और अन्य संबंधित संस्थानों को धन मुहैया कराएगी।
मनरेगा में रोजगार
उन्होंने आगे कहा कि मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी) योजना के तहत प्रत्येक उस परिवार के कम से कम एक व्यक्ति को 100 दिनों का रोजगार प्रदान किया जाएगा, जिसके वयस्क सदस्य शारीरिक काम करने के इच्छुक हों।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का यह बजट युवाओं, महिलाओं और कौशल विकास के क्षेत्र में बड़े बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Discover more from Hata Times (हिन्दी न्यूज़ पोर्टल)
Subscribe to get the latest posts sent to your email.