आज टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू चौथी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। आज नायडू सुबह 11.27 बजे केसरपल्ली आईटी पार्क में शपथ लेंगे, जो विजयवाड़ा के बाहरी इलाके में गन्नावरम हवाई अड्डे के पास है।
मंगलवार को तेलुगु देशम पार्टी और एनडीए घटकों ने नायडू को अपना प्रमुख चुना। इसके बाद एनडीए के नेताओं ने आंध्र प्रदेश में राज्यपाल एस अब्दुल नजीर से मुलाकात की और उनसे नई सरकार बनाने के लिए एन चंद्रबाबू नायडू को आमंत्रित करने का अनुरोध किया। चंद्रबाबू नायडू को सरकार का नेतृत्व करने के लिए आमंत्रित करने पर राज्यपाल ने सहमति जताई है।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
इससे पहले विजयवाड़ा में तेलुगू देशम पार्टी, जनसेना और भाजपा विधायकों की बैठक में जनसेना प्रमुख पवन कल्याण द्वारा नायडू को नेता के रूप में प्रस्तावित किए जाने के बाद सर्वसम्मति से नायडू को चुना गया।
कल्याण को राज्य भाजपा प्रमुख डी पुरंदेश्वरी का भी समर्थन प्राप्त था। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि नायडू के साथ कुछ अन्य नेता शपथ लेंगे, जिनमें टीडीपी महासचिव और नायडू के बेटे नारा लोकेश और जनसेना नेता एन मनोहर शामिल हो सकते हैं।


समारोह की तैयारियों की समीक्षा करने वाले मुख्य सचिव नीरभ कुमार प्रसाद ने बताया कि राज्य के नेता बुधवार को सुबह 8.20 बजे दिल्ली से गन्नावरम हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे और 10.40 बजे पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार मोदी जी को सुबह 11 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए सुबह 10.55 बजे मौके पर पहुंचना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री संभवत: दोपहर 12.45 बजे भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12.40 बजे हवाई अड्डे पर वापस आएंगे।

आंध्र प्रदेश विधानसभा में जनसेना पार्टी के सदस्यों ने पार्टी नेता पवन कल्याण को अपना नेता चुना। पार्टी सूत्रों के अनुसार जनसेना तेनाली के विधायक एन मनोहर ने सदन में पार्टी नेता के तौर पर पवन कल्याण का नाम प्रस्तावित किया और अन्य सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस पर सहमति जताई।

राज्य के 175 सदस्यीय सदन में जनसेना के 21 विधायक हैं। आंध्र प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में एनडीए के पास 164 सीटें हैं। इनमें से टीडीपी को 135, जनसेना पार्टी को 21 और भाजपा को 8 सीटें मिली हैं।


Discover more from Hata Times (हिन्दी न्यूज़ पोर्टल)

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *