मशहूर गायक राहत फतेह अली खान को दुबई एयरपोर्ट पर विमान में चढ़ने से रोका गया और बाद में उन्हें दुबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उन्हें दुबई पुलिस स्टेशन ले गई। पाकिस्तान के जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, राहत फतेह अली खान के पूर्व मैनेजर और शोबिज प्रमोटर सलमान अहमद ने दुबई में उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

दुबई एयरपोर्ट से हुई गिरफ्तारी

राहत फतेह अली खान विभिन्न संगीत कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने के लिए दुबई में आए थे। इस दौरान उन्हें दुबई एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया गया। कुछ महीने पहले एक विवाद के बाद राहत ने अहमद को नौकरी से निकाल दिया था। इसके बाद से अहमद लगातार राहत के खिलाफ कठोर कदम उठाने की बात कर रहे थे। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ केस भी दर्ज कराए थे। एफआईए ने इस साल जनवरी में राहत के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और कर चोरी की जांच शुरू की थी।

राहत फतेह अली खान : फोटो- IMDb

लीक वीडियो में सलमान अहमद की धमकी

फरवरी में सलमान अहमद का एक वीडियो लीक हुआ था, जिसमें वह बॉलीवुड के कुछ मशहूर सितारों और राहत फतेह अली खान को धमकी देते नजर आ रहे थे। इस वीडियो में वह इन सितारों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की चेतावनी देते दिख रहे थे। उन्होंने इन कलाकारों पर अपमानजनक टिप्पणी की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

भारतीय गायकों का हुआ था जिक्र

इस वीडियो में राहत फतेह अली खान के अलावा कुमार सानू, अलका याग्निक, सोनू निगम, श्रेया घोषाल, सुनिधि चौहान, अरिजीत सिंह, सलीम-सुलेमान, मीका सिंह, आदित्य नारायण और आशा भोसले के नाम का भी जिक्र हुआ था। सलमान अहमद ने दुबई, ब्रिटेन और अमेरिका सहित अन्य देशों में संगीत कार्यक्रमों के लिए इन कलाकारों का प्रबंधन किया था। राहत फतेह अली खान की गिरफ्तारी की खबर ने लोगों को हैरान कर दिया है। उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों के लिए कई सुपरहिट गाने गाए हैं।


Discover more from Hata Times (हिन्दी न्यूज़ पोर्टल)

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *