कुशीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार प्रतिबंधित पशुओं को मुक्त कराया और तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में हाटा, कप्तानगंज और साइबर थाने की पुलिस शामिल थी। पुलिस ने तस्करों से दो मैजिक वाहन, तमंचा, मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद भी बरामद किए। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Kushinagar Police Via X.com

पुलिस को मिली तस्करों की सूचना

सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ अंतरराज्यीय तस्कर प्रतिबंधित पशुओं को लेकर बिहार की ओर जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस सतर्क हो गई और कार्रवाई की योजना बनाई गई। कोतवाली हाटा, कप्तानगंज और साइबर थाने की पुलिस ने एनएच-28 के पास मझना नाला के पास तस्करों की घेराबंदी की। थोड़ी ही देर में एक मैजिक वाहन आता दिखाई दिया, जिसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चार प्रतिबंधित पशु मिले, जिन्हें तस्कर लेकर जा रहे थे।

तस्करों की गिरफ्तारी और बरामदगी

तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान इब्राहिम अंसारी, मुन्ना कुमार गुप्ता और विशाल प्रसाद के रूप में हुई। पुलिस ने इनके पास से दो मैजिक वाहन, दो मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, कारतूस, पशुओं को काटने के उपकरण और पांच हजार रुपये नकद बरामद किए।

तस्करी का नेटवर्क और पुलिस की जांच

एसपी संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि इब्राहिम अंसारी इस तस्करी गिरोह का सरगना है, जो अपने साथी मुन्ना कुमार गुप्ता और विशाल प्रसाद के साथ सीमावर्ती जिलों से पशुओं की चोरी कर उन्हें बिहार में बेचता है। इन पशुओं को काटकर उनका मांस बेचा जाता है और इस अवैध धंधे से प्राप्त धन को आपस में बांट लिया जाता है। पुलिस अब इब्राहिम और उसके सहयोगियों के मोबाइल से मिले डाटा के आधार पर अन्य तस्करों की भी तलाश कर रही है।

इब्राहिम अंसारी पर दर्ज हैं कई मामले

गिरफ्तार किए गए तस्कर इब्राहिम अंसारी के खिलाफ पहले से ही दस मामले दर्ज हैं। इनमें से नौ मामले तरयासुजान थाने में और एक मामला हाटा कोतवाली में दर्ज है। इब्राहिम पर आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और पशु तस्करी से संबंधित कई गंभीर आरोप लगे हुए हैं। वहीं, मुन्ना कुमार गुप्ता और विशाल प्रसाद के खिलाफ भी एक-एक केस दर्ज हैं। पुलिस इन तस्करों की संलिप्तता के अन्य मामलों की जांच भी कर रही है।

पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई

पशु तस्करों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में हाटा इंस्पेक्टर राजप्रकाश सिंह, साइबर थाने के इंस्पेक्टर मनोज कुमार पंत, अमित शर्मा, एसआई श्रीप्रकाश राय और कप्तानगंज एसओ राजकुमार बरवार शामिल थे। उनकी इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है। पुलिस इस दिशा में आगे की जांच और भी तेज कर रही है।

Kushinagar Police Via X.com


Discover more from Hata Times (हिन्दी न्यूज़ पोर्टल)

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *