हाटा कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक युवक की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर उनकी बेटी ने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पिता का आरोप है कि युवक ने उनकी बेटी का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और उसका यौन शोषण करता था। यह घटना एक सप्ताह पहले की है।

पिता ने बताया कि उनकी 18 वर्षीय बेटी से गांव का ही एक युवक मोबाइल पर बात करता था और मिलता भी था। इसी दौरान उसने उनकी बेटी का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था और उसे वायरल करने की धमकी देकर उसका यौन शोषण करता था। बेटी परेशान रहती थी लेकिन लोक-लाज के डर से किसी से कुछ नहीं कहती थी।
एक दिन मां ने देखा कि बेटी अपने कमरे में बेहोश पड़ी है। पता चला कि उसने जहर खा लिया है। परिवार उसे तुरंत अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देख उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिवार ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई जिसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है।
कोतवाल राज प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Discover more from Hata Times (हिन्दी न्यूज़ पोर्टल)
Subscribe to get the latest posts sent to your email.