कुशीनगर: सोमवार को यूपी कैडर के आईएएस प्रशिक्षुओं के दल ने कुशीनगर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का दौरा किया। इस दौरान, प्रशिक्षु आईएएस ने इन स्थलों की ऐतिहासिकता और प्राचीनता को करीब से समझा।
प्रशिक्षु आईएएस महेंद्र सिंह और इशिता किशोर के नेतृत्व में यह दल अपने ट्रेनिंग कार्यक्रम के अंतर्गत यूपी भ्रमण और दर्शन कर रहा है। महेंद्र सिंह और इशिता ने बताया कि इस कार्यक्रम में 16 प्रशिक्षु आईएएस शामिल हैं।

प्रमुख स्थलों का दर्शन कर जानकारी एकत्र किया
कुशीनगर में, प्रशिक्षु आईएएस ने मुख्य महापरिनिर्वाण मंदिर में छठवीं शताब्दी के महात्मा बुद्ध की भव्य प्रतिमा का दर्शन किया और उसकी विशिष्टता और ऐतिहासिकता से परिचित हुए। उन्होंने उत्खनित पुरावशेषों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा, वे बुद्ध के अंतिम संस्कार स्थल रामाभार स्तूप पहुंचे, जहां उन्होंने उसकी भव्यता और ऐतिहासिक तथ्यों को जाना।
बौद्ध कालीन हिरण्यवती नदी के बुद्धा घाट का भी भ्रमण किया गया, जहां नदी के इतिहास के बारे में जानकारी साझा की गई। थाई संस्कृति के अद्भुत नमूना थाई मंदिर में भी दल ने स्वर्ण आभायुक्त चैत्य समेत बुद्ध की प्रतिमा और अन्य विशिष्ट जानकारी प्राप्त की। फिर भू-स्पर्श मुद्रा में मांथा कुंवर मंदिर में महात्मा बुद्ध की प्रतिमा देखी।
रविवार रात को यह दल कुशीनगर स्थित राही पर्यटक आवास गृह (होटल पथिक निवास) पहुंचा था, जहां प्रबंधक रविकांत गुप्ता और रितेश दुबे ने उनका स्वागत किया। कुशीनगर भ्रमण के बाद, प्रशिक्षुओं का यह दल मंगलवार को भगवान राम की पवित्र जन्मस्थली अयोध्या धाम के लिए रवाना होगा। इस मौके पर लेखपाल निलेश रंजन राव समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।
Discover more from Hata Times (हिन्दी न्यूज़ पोर्टल)
Subscribe to get the latest posts sent to your email.